25 साल से बंद रास्ता खुला और 73 साल पुराने स्कूल भवन का शुरू हुआ कायाकल्प, सरपंच सुनीता रमेश साहू ने 21 महीनों में पूरे किए दशकों पुराने अधूरे काम


नया 63 केवी ट्रांसफार्मर, सीसी रोड और तालाबों के गहरीकरण से बदली ग्राम पंचायत कोटेतरा की तस्वीर
जैजैपुर, 24 नवंबर 2026। दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा का संकल्प हो, तो दशकों पुरानी समस्याएं भी कम समय में हल हो सकती हैं। इस बात को चरितार्थ कर दिखाया है ग्राम पंचायत कोटेतरा की सरपंच सुनीता रमेश साहू ने, जिन्होंने अपने मात्र 21 महीनों के अल्प कार्यकाल में पंचायत के पिछले 43 वर्षों से रुके हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतारकर गांव को नई पहचान दी है। उनके प्रयासों से वर्षों से बंद पड़े रास्ते को पुनः खुलवाने से लेकर 73 साल पुराने जर्जर मिडिल स्कूल भवन के जीर्णोद्धार तक कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिससे पूरे गांव में उत्साह का माहौल है।
बिजली व्यवस्था में सुधार के तहत गांव की गलियों में पोल पर लपेटे हुए केबलों को व्यवस्थित कर ग्रामीणों को बार-बार होने वाले शॉर्ट-सर्किट से स्थायी मुक्ति दिलाई गई है। इसके साथ ही सतनामी मोहल्ले में नया विद्युत पोल और 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगवाया गया है, वहीं गलियों में स्ट्रीट लाइट और प्रमुख चौक-चौराहों पर सोलर लाइट लगने से रात के समय पूरा गांव रोशनी से जगमगा उठा है।

स्कूल मार्ग पर बनी सीसी रोड, पेयजल संकट का भी समाधान
बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा के लिए हाई स्कूल जाने वाले कीचड़युक्त मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा 73 वर्ष पुराने मिडिल स्कूल भवन की मरम्मत, प्राथमिक स्कूल की जर्जर बाउंड्री वॉल के जीर्णोद्धार और दो स्कूलों में बालिका शौचालय की स्वीकृति दिलाकर छात्राओं को बड़ी सुविधा दी गई है। पेयजल संकट दूर करने के लिए छापर मोहल्ले में जयकरण के घर के पास बोर खनन की स्वीकृति, लक्ष्मी सागर के घर के पास बोर खनन कर पानी टंकी की स्थापना और बंद पड़े हैंडपंपों को पुनः चालू कराया गया है।
गलियों में पक्की सड़कें, तालाबों का गहरीकरण और वृक्षारोपण

गांव के मुख्य मार्ग से गुड़ी चौक, सहिस दास के घर और सतनामी मोहल्ले की संकरी गलियों में सीसी रोड व नाली निर्माण होने से ग्रामीणों को जलभराव से राहत मिली है, वहीं मदन के घर और मुख्य नहर छापर से मेन सड़क की ओर पुल-पुलिया सहित मिट्टी-मुरुम सड़क स्वीकृत कराई गई है। जल संरक्षण के लिए जूना व नावा तालाब पार के चौड़ीकरण के साथ नावा, मुड़ा और बाकी भदरी तालाब का गहरीकरण कराया गया है। इसके अलावा दो मुक्तिधाम, प्रतीक्षालय व अहाता निर्माण के साथ बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और गांव के मंदिरों का सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास: सरपंच
चार दशकों से अधिक समय से अधूरे पड़े कार्यों के पूरा होने पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने सरपंच की कार्यशैली की सराहना की है। सरपंच सुनीता रमेश साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत कोटेतरा का सर्वांगीण विकास, निर्बाध बिजली-पानी, बच्चों को सुरक्षित स्कूल व सुगम रास्ता और स्वच्छ पर्यावरण ही उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांव की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास कर रही हैं और यह विकास समस्त ग्रामवासियों व पंचों के सहयोग का परिणाम है।




