5100 दीपों की रोशनी और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से जगमगाया तुर्रीधाम, बनारस की तर्ज पर हुई भव्य महाआरती


राजा धर्मेंद्र सिंह और सांसद कमलेश जांगड़े ने की विशेष पूजा-अर्चना, आकर्षक झांकियों और भव्य आतिशबाजी ने मोहा भक्तों का मन
सक्ती, 25 नवंबर 2026। जिले के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल शिव मंदिर तुर्रीधाम में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। देव दिवाली उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और देर रात तक दर्शन का सिलसिला चलता रहा। संध्या बेला में मंदिर परिसर और कुंड के आसपास 5100 दीप जलाए गए, जिससे पूरा परिसर स्वर्गलोक की भांति जगमगा उठा।
दोपहर 3 बजे सक्ती रियासत के राजा धर्मेंद्र सिंह ने भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक किया, जिसमें जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा, अर्जुन राठौर और परमानंद जायसवाल शामिल हुए। गर्भगृह में विराजमान महादेव का फूलों और वस्त्रों से भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से 56 भोग अर्पित किया गया।

बनारस के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर हुई महाआरती
शाम को आचार्य दिव्यानंद तिवारी के मार्गदर्शन में बनारस के दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर भव्य गंगा व महाआरती संपन्न हुई। शंखनाद, डमरू की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लिया। इसके बाद भगवान शिव-पार्वती की जीवंत झांकियों और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उत्सव में चार चांद लगा दिए। महोत्सव में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने भी पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
15 हजार भक्तों के लिए महाभंडारा, रहस्यमयी जलधारा है आकर्षण
उत्सव समिति द्वारा 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे की व्यवस्था की गई थी, जहां भक्तों ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में पुष्पेंद्र चंद्रा, ग्राम पंचायत बासीन की सरपंच हेमलता चंद्रा, प्रेम चंद्रा, कमल राठौर, सुरेश जायसवाल, कोमल यादव, परमानंद जायसवाल और ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। गौरतलब है कि राजा बहादुर लीलाधर सिंह द्वारा निर्मित इस मंदिर के शिवलिंग पर चट्टानों के बीच से 12 महीने निरंतर प्राकृतिक जलधारा (तुर्री) प्रवाहित होती है, जिसका स्रोत आज भी रहस्य बना हुआ है।




