पति को राजा की तरह सम्मान देने वाली स्त्री स्वयं बन जाती है रानी: स्वामी यतिराजाचार्य जी


पंचम दिवस की श्रीराम कथा में गुरु महिमा और गृहस्थ धर्म की की व्याख्या, पूर्व न्यायमूर्ति व वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
रायपुर, 25 नवंबर 2026। जो स्त्री अपने पति को राजा की तरह सम्मान देती है, वह स्वयं रानी बन जाती है और जो नौकर की तरह व्यवहार करती है, वह स्वयं नौकरानी बन जाती है। यह विचार अवधपुरी धाम से पधारे स्वामी यतिराजाचार्य महाराज ने श्री दूधाधारी मठ महोत्सव में आयोजित श्रीराम कथा के पांचवें दिन व्यक्त किए। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ लिया।
कथावाचक ने कहा कि साक्षात भक्ति ही भगवान राम को प्रकट कर सकती है और माता कौशल्या स्वयं भक्ति स्वरूपा हैं। उन्होंने प्रसंग सुनाते हुए बताया कि संसार में केवल दो ही ऐसे पात्र हुए हैं, जिन्होंने भगवान के विरह में अपने प्राण त्याग दिए—एक महाराज दशरथ, जिन्होंने श्रीराम के वन गमन के विरह में शरीर त्यागा, और दूसरी माता कुंती, जिन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के स्वधाम गमन की सूचना मिलते ही देह त्याग दी।
राम केवल धर्म से करते हैं प्रेम, गुरु मिटाते हैं अज्ञान का अंधकार
स्वामी यतिराजाचार्य ने कहा कि सभी गुणों से संपन्न केवल भगवान राम ही हैं। उनसे सभी प्रेम करते हैं, लेकिन श्रीराम केवल धर्म से प्रेम करते हैं और धर्मानुकूल आचरण ही उन्हें स्वीकार्य है। गुरु की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा कि गुरु वही है जो अज्ञान रूपी अंधकार से निकालकर परमात्मा रूपी प्रकाश से मिला दे। इस दौरान उन्होंने ‘राम जैसा नगीना नहीं सारे जग की बजरिया में’ भजन गाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित विशिष्ट जन हुए शामिल
कथा के पांचवें दिन प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पहुंचकर व्यास पीठ की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि राजेश्री महंत महाराज भले ही विधायक रहे हों, लेकिन समाज उन्हें सदैव आचार्य के रूप में ही देखता है और इस यज्ञ में शामिल होना सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर पूर्व न्यायमूर्ति टीपी शर्मा, पूर्व आईएएस एसके तिवारी, पूर्व जीएम भेल रजनीकांत शुक्ला, अनिल कुमार शर्मा, राजीवनयन महाराज, अजय तिवारी, विनोद मंगल अग्रवाल और महेंद्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




