Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

पुलिसकर्मियों को मिलेगी किराये के मकान से मुक्ति, कोतवाली के पीछे जर्जर भवनों को हटाकर बनेंगे 60 सर्वसुविधायुक्त नए आवास

SP विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर शुरू हुई प्रक्रिया, थाना परिसर के पास आवास मिलने से आपात स्थिति में बढ़ेगी पुलिस बल की मुस्तैदी

जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर 2026। जिले के पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर व सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। एसपी विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर जिला कोतवाली थाना के पीछे स्थित वर्षों पुराने जर्जर मकानों को हटाकर उसी स्थान पर 60 नए सर्वसुविधायुक्त आवासीय मकान बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पुराने भवनों को हटाने के बाद स्थल की साफ-सफाई तथा प्रारंभिक कार्य किए जा रहे हैं।

इन नए आवासीय भवनों का निर्माण पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है। लंबे समय से जर्जर और अनुपयोगी अवस्था में पड़े पुराने क्वार्टरों की जगह आधुनिक व सुविधाजनक आवास बनने से पुलिस जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

किराये के मकानों की मजबूरी होगी खत्म, कार्यक्षमता में होगा सुधार

आवास की कमी के कारण कई पुलिसकर्मियों को निजी किराये के मकानों में रहना पड़ रहा था। 60 नए क्वार्टर तैयार होने से कर्मचारियों को किराये के बोझ और आवास की समस्या से काफी हद तक मुक्ति मिल सकेगी। इसके साथ ही थाना परिसर के ठीक पीछे आवास उपलब्ध होने से आपातकालीन स्थिति या रात के समय ड्यूटी पर पुलिस बल की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे पुलिसिंग की कार्यक्षमता और भी बेहतर होगी।

Related Articles

Back to top button