Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

प्रभारी सचिव एवं कलेक्टर ने किया धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण, बलौदा, कोरबी व सिवनी केन्द्रों में उपार्जन व्यवस्था की समीक्षा कर किसानों से की चर्चा

नमी, बारदाना और तौल प्रक्रिया की जांची गुणवत्ता; समय पर धान उठाव व किस्मों के आधार पर अलग स्टेकिंग करने के दिए सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने प्रभारी सचिव एस. प्रकाश और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विकासखंड बलौदा के धान खरीदी केन्द्र बलौदा, कोरबी और सिवनी (नैला) पहुंचकर तौल प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण, भंडारण तथा किसानों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने केन्द्र प्रभारियों से अब तक खरीदे गए धान की कुल मात्रा, पंजीकृत किसानों की संख्या, जारी किए गए टोकन और शेष किसानों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रतिदिन की खरीदी क्षमता और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए धान की नमी, गुणवत्ता तथा बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता की जांच की। साथ ही परिसर में जल निकासी, पेयजल और छायादार स्थान की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने को कहा।

पारदर्शी उपार्जन और समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश

प्रभारी सचिव एस. प्रकाश ने नोडल अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी व व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तौल निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही हो और खरीदी के बाद धान की अलग-अलग किस्मों के आधार पर सुरक्षित स्टेकिंग तथा समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए।

किसानों से सीधा संवाद कर जानी टोकन व बिक्री व्यवस्था की हकीकत

केन्द्रों में धान बेचने पहुंचे किसानों से प्रभारी सचिव ने सीधे बातचीत कर टोकन व्यवस्था, तौल प्रक्रिया और अन्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी किसान को उपार्जन में असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। इस दौरान बलौदा नगर पंचायत अध्यक्ष कविता डहरिया, एसडीएम सुमित बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button