धान खरीदी में रकबा कम होने की शिकायतों की स्वयं जांच करेंगे कलेक्टर, पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त निर्देश


प्रमुख योजनाओं को टीएल बैठक में शामिल कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश, सेवा सेतु व सीएम हेल्पलाइन का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

रायपुर, 25 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जारी धान खरीदी के दौरान किसानों से मिल रही रकबा कम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे स्वयं जांच कर इनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग की सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए घरों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को इस पर विशेष ध्यान देने और आमजन को एलपीजी की तुलना में पीएनजी की किफायत व सुरक्षा के लाभ बताने के निर्देश दिए। साथ ही जनजातीय छात्रावासों, स्कूलों की सामुदायिक रसोईघरों, सर्किट हाउस और अन्य शासकीय संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

जल जीवन मिशन व अमृत 2.0 के कार्य समय-सीमा में हों पूर्ण, ठेकेदारों को मिले समय पर भुगतान
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कलेक्टर मासिक समीक्षा कर समयबद्ध लक्ष्य पूरा करें और जिन ठेकेदारों ने कार्य पूर्ण कर लिया है, उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित करें। अच्छा काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित करने तथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मिशन अमृत 2.0 के तहत नगरीय जल प्रदाय व सीवेज परियोजनाओं तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की लंबित वन स्वीकृतियों का शीघ्र निराकरण करने कहा गया।
औद्योगिक सुधारों का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाएं, टीएल बैठकों में हो योजनाओं की निगरानी
उद्योग सचिव रजत कुमार ने बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत 25 विभागों के 700 सुधारों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने इन सुधारों का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने और उनके प्रभाव का नियमित मूल्यांकन करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी कलेक्टरों को महत्वपूर्ण मिशनों और योजनाओं को समय-सीमा (टीएल) बैठक में शामिल कर नियमित समीक्षा करने की हिदायत दी। बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, एसीएस ऋचा शर्मा, सुबोध कुमार सिंह और सचिव मुकेश बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





