nationalपॉलिटिक्स

संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस का दोहरा चरित्र बेनकाब! तमिलनाडु में सत्ता की खातिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी पर क्यों साधी चुप्पी?

तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद नहीं जल सका कार्तिगई दीपम

सहयोगी सरकार के बचाव में उतरी कांग्रेस से उठ रहे तीखे सवाल

नई दिल्ली/चेन्नई, 25 नवंबर 2026। बात-बात पर संविधान, लोकतंत्र और न्यायपालिका की सर्वोच्चता की दुहाई देने वाली कांग्रेस अब तमिलनाडु के कार्तिगई दीपम विवाद में अपने ही सिद्धांतों के कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। तमिलनाडु की सत्ता में भागीदार होने के बावजूद कांग्रेस इस मामले में पूरी तरह बचाव की मुद्रा में है। तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपथून पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम नहीं जल सका, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अपने अंतरिम आदेश में वहां एक बार के लिए दीप जलाने की स्पष्ट अनुमति दी थी।

अब सबसे बड़ा और तीखा सवाल यह है कि जब देश की सर्वोच्च अदालत का सीधा आदेश था, तो उसे लागू कराने के बजाय प्रशासन ने हाथ क्यों खड़े कर दिए? और उससे भी बड़ा सवाल यह कि न्यायपालिका के सम्मान का दम भरने वाली कांग्रेस का रुख इस पूरे मामले में इतना ढुलमुल क्यों है?

सांप्रदायिक सौहार्द की आड़ में अदालती आदेश की अवहेलना?

इस गंभीर विवाद में तमिलनाडु कांग्रेस ने अपनी सहयोगी सरकार की प्रशासनिक नाकामी पर पर्दा डालते हुए सांप्रदायिक सौहार्द का तर्क गढ़ा है। कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए उल्टे दीपथून की पहचान और उसके ऐतिहासिक संदर्भ पर ही सवाल खड़े कर दिए। लेकिन राजनीतिक गलियारों और आमजन के बीच यह सवाल गूंज रहा है कि क्या सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के नाम पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ठंडे बस्ते में डाला जा सकता है? प्रशासनिक विफलता को सौहार्द का नाम देना कितना जायज है?

कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में मांगी माफी, अवमानना की लटकी तलवार

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 25 नवंबर को मदुरै के कलेक्टर निशांत कृष्ण को दीपथून पर दीप नहीं जला पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में बाकायदा माफी मांगनी पड़ी। प्रशासन ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट में मंदिर ट्रस्टी बोर्ड द्वारा परंपरागत स्थान पर ही दीप जलाने का प्रस्ताव पारित करने और दीपथून के लिए टीम अधिकृत न किए जाने का बहाना बनाया। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर सख्त रुख अपनाते हुए अवमानना याचिका दाखिल करने को कहा है और मामले की सुनवाई पर सहमति जताई है।

भाजपा शासित राज्य होता तो क्या यही होता कांग्रेस का रवैया?

कांग्रेस को आज देश के सामने यह स्पष्ट करना ही होगा कि यदि यही स्थिति किसी भाजपा शासित राज्य में उत्पन्न होती और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कोई धार्मिक आयोजन तय स्थान पर नहीं हो पाता, तो क्या कांग्रेस तब भी सांप्रदायिक सौहार्द और प्रशासनिक मजबूरियों का यही राग अलापती? या फिर अब तक सड़कों से लेकर संसद तक ‘लोकतंत्र और संविधान खतरे में है’ का शोर मचा चुकी होती?

यह पूरा प्रकरण केवल एक दीप जलाने या न जलाने का नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के इकबाल, प्रशासन की जवाबदेही और कांग्रेस की राजनीतिक कथनी व करनी के बीच की गहरी खाई का है। कांग्रेस को जवाब देना होगा कि सत्ता की मलाई और गठबंधन धर्म के आगे उसके संवैधानिक सिद्धांतों की कीमत क्या रह गई है?

Related Articles

Back to top button