

अपने लेख ‘संविधान: हमारी मार्गदर्शक शक्ति’ के जरिए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के इतिहास पर उठाए तीखे सवाल, कहा – 100 बार अनुच्छेद 356 का हुआ इस्तेमाल
विकसित भारत के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्य भाव’ को बताया मूल मंत्र
नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा राजनीतिक हमला बोला है। अपने विशेष लेख ‘संविधान: हमारी मार्गदर्शक शक्ति’ के माध्यम से प्रधानमंत्री ने 1951 के पहले संविधान संशोधन, आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन, अनुच्छेद 356 के बार-बार इस्तेमाल और जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 व 35-A का हवाला देते हुए कांग्रेस के इतिहास को कटघरे में खड़ा किया। पीएम मोदी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में संविधान की गूंज केवल संसद और अदालतों की चारदीवारी तक सीमित न रहकर जन-जन तक पहुंचनी चाहिए।
पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के काले अध्याय की दिलाई याद
प्रधानमंत्री ने 1951 के पहले संविधान संशोधन के 75 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस समय अंतरिम संसद के बहुमत का उपयोग नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता को सीमित करने के लिए किया गया था। उन्होंने रेखांकित किया कि यह संशोधन देश के पहले आम चुनाव से महज कुछ महीने पहले लाया गया था। इसके साथ ही आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन के 50 वर्ष पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि इसके जरिए न्यायिक समीक्षा की शक्ति को सीमित करने और संवैधानिक संस्थाओं के बीच का संतुलन बिगाड़ने का प्रयास हुआ। उन्होंने देश के युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का भी गहराई से अध्ययन करने की अपील की।
अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग और धारा 370 पर कांग्रेस को घेरा
चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 के बार-बार इस्तेमाल को संविधान के इतिहास का चिंताजनक अध्याय बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में इस प्रावधान का करीब सौ बार उपयोग किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा अकेले 50 बार अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल किया गया। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35-A का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इन प्रावधानों के कारण सात दशकों से अधिक समय तक वहां पूरा संविधान लागू नहीं हो सका, जिससे एससी, एसटी, ओबीसी और महिलाओं के अधिकारों का हनन हुआ। उन्होंने 2019 में इन प्रावधानों को हटाए जाने को एक ऐतिहासिक अन्याय का अंत करार दिया।
सरकारी योजनाओं को सामाजिक न्याय से जोड़ा, विपक्ष को बताया ‘अवरोध पक्ष’
पीएम मोदी ने संविधान की सामाजिक और आर्थिक न्याय की अवधारणा को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि से जोड़ा। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 49.6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। वहीं, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालने के लिए विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने उसे ‘अवरोध पक्ष’ करार दिया और महिला आरक्षण विधेयक में अड़ंगा लगाने का आरोप लगाया। लेख के अंत में उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्य भाव’ को मार्गदर्शक मंत्र बताया।



