Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

शादी सीजन में जाम से निजात दिलाने यातायात पुलिस की पहल, होटल व मैरिज हॉल संचालकों की बैठक लेकर दिए सख्त निर्देश; पार्किंग के लिए तैनात करने होंगे वालंटियर

ASP उदयन बेहार ने जांजगीर व अकलतरा के संचालकों को दी समझाइश, एंबुलेंस का रास्ता न रोकने और दो-दो वालंटियर तैनात करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। शादी सीजन और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से आम जनता को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गुरुवार शाम यातायात शाखा में जांजगीर मुख्यालय और अकलतरा क्षेत्र के प्रमुख होटल व मैरिज हॉल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एएसपी (यातायात) उदयन बेहार ने संचालकों को पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और समझाइश दी।

सड़क पर बेतरतीब पार्किंग से बाधित नहीं होना चाहिए आवागमन

बैठक के दौरान एएसपी उदयन बेहार ने कहा कि होटल और मैरिज हॉल में शादी-विवाह, जन्मोत्सव व अन्य बड़े समारोहों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। पर्याप्त पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण कई बार वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन हर नागरिक का अधिकार है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में मुख्य मार्ग पर वाहनों के कारण जाम न लगे।

आपातकालीन वाहनों को मिले सुगम रास्ता, मांगे गए वालंटियरों के नंबर

यातायात पुलिस ने संचालकों को सचेत करते हुए कहा कि अव्यवस्थित पार्किंग की वजह से एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे इमरजेंसी वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक आयोजन में पर्याप्त पार्किंग स्थान के साथ आवश्यकतानुसार अलग से कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था में बेहतर समन्वय बनाने के उद्देश्य से सभी होटल और मैरिज हॉल संचालकों से उनके दो-दो वालंटियर के नाम और मोबाइल नंबर भी लिए गए हैं। पुलिस ने सभी संचालकों से आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button