जिला बदर के बावजूद गांव में छिपा था गुंडा, पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे

मुलमुला पुलिस को बड़ी सफलता, छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला क्षेत्र के आदतन गुंडा बदमाश गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन को पकड़ने में मुलमुला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसा निवासी गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन (उम्र 40 वर्ष) के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला पंजीबद्ध था। जांजगीर-चांपा जिला के जिला दंडाधिकारी द्वारा 11 नवंबर 2025 को आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए जांजगीर-चांपा जिले सहित समीपवर्ती जिलों—शक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर एवं बलौदा बाजार—की राजस्व सीमाओं से जिला बदर किया गया था।
जिला बदर के बावजूद गांव में छिपकर रहने की सूचना
पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि जिला बदर आदेश के बावजूद आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के अपने गृह ग्राम कोसा में छिपकर रह रहा है और ग्रामीणों को डरा-धमका रहा है। सूचना के आधार पर थाना मुलमुला पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी अपने सकुनत से फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल (थाना प्रभारी मुलमुला), एएसआई प्रमोद महार, हेमलाल महिलागे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, राजमणि द्विवेदी तथा आरक्षक सनोहर जगत का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा टीम की तत्परता और सतर्कता की सराहना की गई है।




