क्राइमजाँजगीर -चाँपा

दहेज प्रताड़ना का मामला: पहली पत्नी रहते दूसरी शादी, पति समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

मुलमुला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर भेजा गया न्यायिक रिमांड

जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने के मामले में पुलिस ने पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 82(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग:
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को दामोदर गोसाई निवासी तिफरा, बिलासपुर के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के करीब एक माह तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति दामोदर गोसाई, सास दीपावली गोसाई, ससुर गुरुशरण गोसाई और देवर खेमन गोसाई द्वारा दहेज कम लाने की बात कहकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोपियों द्वारा मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग की जाती थी।

मांग पूरी नहीं होने पर मायके भेजा
पीड़िता ने बताया कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। बाद में उसे मायके भेज दिया गया और दो लाख रुपये व मोटरसाइकिल देने पर ही वापस ले जाने की बात कही गई।

जांच में खुला दूसरी शादी का राज
मामले की विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पति दामोदर गोसाई की पहले से शादी हो चुकी है और पहली पत्नी के रहते उसने दूसरी शादी की थी। इस बात की जानकारी लड़की पक्ष को नहीं दी गई थी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना मुलमुला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दामोदर गोसाई (30), गुरुशरण गोसाई (55), दीपावली गोसाई (50) और खेमन गोसाई (28) निवासी भैरव नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल, एसआई फुलेश्वर सिंह सिदार, प्रधान आरक्षक अनिल अजगल्ले, आरक्षक मनभावन पटेल और महिला आरक्षक श्वेता सिंह का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button