शहीद दिवस पर ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल बनारी में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन, प्रार्थना सभा में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया गया नमन
जांजगीर चाम्पा। शहीद दिवस के अवसर पर ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, बनारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में दो मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थी, शिक्षकगण, प्रबंधन एवं स्टाफ ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों, विशेषकर महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान को स्मरण किया। इसके पश्चात विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। दीपक की लौ ने सत्य, अहिंसा और देशभक्ति के आदर्शों का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन एवं श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शिक्षिका श्रीमती हन्ना देवी ने महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा और आत्मबल का प्रतीक रहा है। उन्होंने भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई एवं सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को भी याद किया।
प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह ने कहा कि शहीद दिवस हमें देश की आज़ादी के महत्व और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी का बोध कराता है। वहीं संस्था संचालक ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम एवं संस्कारों के विकास हेतु आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों ने देश की एकता, अखंडता और शांति बनाए रखने तथा महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।





