बाप बना जल्लाद: अपनी ही संतान को दी मौत की सजा, पत्नी को डराने के लिए मासूम को नहर में फेंका!

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। एक कलयुगी पिता ने अपनी पत्नी से बदला लेने और उसे डराने के लिए अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया।
पारिवारिक विवाद की भेंट चढ़ा ‘आयुष’
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भैसो निवासी आरोपी रेशम लाल यादव (27 वर्ष) की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। उनके तीन बच्चे थे, लेकिन पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मारपीट से तंग आकर पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके (ग्राम भिलौनी) चली गई थी, जबकि बेटा आयुष पिता के पास ही रह गया था।
धमकी को सच कर दिखाया
बताया जा रहा है कि रेशम अक्सर अपनी पत्नी को फोन पर धमकी देता था कि “मैं पहले बेटे को मार डालूंगा और फिर खुद भी जान दे दूंगा।” 13 मार्च की शाम वह मासूम आयुष को लेकर घर से निकला और 14 मार्च की रात करीब 1 बजे उसने ग्राम भिलौनी के पास ‘आवास पारा’ नहर के पानी में मासूम को डुबो दिया। मासूम आयुष तड़पता रहा, लेकिन पत्थर दिल बाप का दिल नहीं पसीजा।
हत्या के बाद खुद दी जानकारी
हैरत की बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी रात करीब 2 बजे अपनी पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही कबूल किया कि उसने बेटे को मार डाला है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चंद घंटों में सलाखों के पीछे
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया। SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी सावन सारथी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रेशम यादव को कुछ ही घंटों में धर दबोचा।
कानूनी कार्रवाई: पामगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस टीम का रहा सराहनीय योगदान:
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने और आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक सावन सारथी (थाना प्रभारी), सउनि संतोष बंजारे, रामदुलार साहू, प्रआर राजेश कोशले और भुवनेश्वर पटेल की मुख्य भूमिका रही।



