जाँजगीर -चाँपा

विजय स्वीट्स’ में खाद्य विभाग की दबिश, घरेलू गैस का हो रहा था व्यावसायिक उपयोग; सामान जब्त

कलेक्टर के निर्देश पर पहरिया में कार्रवाई; आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत संचालक पर केस दर्ज

जांजगीर चाम्पा। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को तहसील बलौदा के ग्राम पंचायत पहरिया स्थित एक मिष्ठान दुकान पर खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। यहाँ नियमों के विरुद्ध घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कर नाश्ता तैयार किया जा रहा था। जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू के मार्गदर्शन में टीम ने ‘विजय स्वीट्स’ की औचक जांच की। जांच के दौरान दुकान संचालक शंकर लाल कुम्भकार को रंगे हाथों घरेलू (लाल) गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए करते पाया गया। शासन के नियमों के अनुसार घरेलू उपयोग के सिलेंडरों का इस्तेमाल होटलों या दुकानों में करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की हैं 04 नग घरेलू लाल गैस सिलेंडर। 02 नग साधारण चूल्हा और 01 नग बड़ा डोसा प्लेट चूल्हा। 03 नग रेगुलेटर और 03 नग गैस पाइप।
खाद्य विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की जांच जारी रहेगी और घरेलू गैस का दुरुपयोग करने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button