क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

शेयर बाजार के नाम पर 8.45 करोड़ हड़पने वाला जालसाज चढ़ा पुलिस के हत्थे, बंगाल से हुई गिरफ्तारी

जांजगीर चाम्पा। शेयर मार्केट में निवेश कर रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय ठग को चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ऊंची ब्याज दर का लालच देकर सक्ती और चांपा क्षेत्र के लोगों से करीब 8.45 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से लक्जरी कार, दर्जनों बैंक दस्तावेज और महंगे मोबाइल जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा सक्ती, जो पेशे से एक अकाउंटेंट है, उसने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी की मुलाकात साल 2021 में कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। विश्वजीत ने खुद को शेयर मार्केट का विशेषज्ञ बताकर भूधर को झांसा दिया कि यदि वह निवेश करता है, तो उसे हर महीने 5 प्रतिशत का फिक्स रिटर्न मिलेगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने यह भी लालच दिया कि जितने ज्यादा लोग इस स्कीम से जुड़ेंगे, उसका अतिरिक्त लाभ भी प्रार्थी को मिलेगा।


करोड़ों का निवेश और फिर विश्वासघात
आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी और उसके जान-पहचान वालों ने कुल 8,45,00,000 रुपये (आठ करोड़ पैंतालीस लाख) नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से विश्वजीत के पास जमा कर दिए। शुरुआती कुछ महीनों तक आरोपी ने निवेशकों को 5 प्रतिशत ब्याज दिया ताकि उनका भरोसा बना रहे। लेकिन जैसे ही बड़ी रकम हाथ लगी, आरोपी ने कंपनी में घाटा होने और तकनीकी दिक्कतों का बहाना बनाना शुरू कर दिया। अंत में उसने फोन उठाना बंद कर दिया और फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 35/26 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में मिली। चांपा पुलिस की एक विशेष टीम ने कृष्णानगर (ईटला पोडा पारा) में छापेमारी की और आरोपी विश्वजीत देबनाथ को हिरासत में लिया। इस बड़ी कार्यवाही में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पो और साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ठगी के तार और किन-किन राज्यों से जुड़े हैं।


ठगी के पैसों से खरीदी लक्जरी कार और सोना
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ठगी की रकम से एक क्रेटा कार और भारी मात्रा में सोना खरीदा है। उसने अपने घर का आलीशान रिनोवेशन भी कराया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
01 क्रेटा कार
12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक
09 डेबिट कार्ड और 08 क्रेडिट कार्ड
03 महंगे मोबाइल फोन
पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस
30,000 रुपये नगद

Related Articles

Back to top button