Chhattisgarh

बाड़ी के बाथरूम के पास मिला नवजात, महिला एवं बाल विकास व पुलिस की टीम ने सुरक्षित संरक्षण दिलाया

जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा क्षेत्र में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित संरक्षण दिलाया। महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने नवजात को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया और बाद में बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।जानकारी के अनुसार ग्राम बिर्रा क्षेत्र के बनडभरा निवासी मनोज कश्यप (30 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बाड़ी के बाथरूम की दीवार के पास जमीन पर एक नवजात बालक असुरक्षित और लावारिस अवस्था में पड़ा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात महिला ने नवजात को परित्याग करने के उद्देश्य से वहां छोड़ दिया था।सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के सहयोग से जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड लाइन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद शिशु को स्वस्थ बताया गया। आगे की प्रक्रिया के तहत नवजात को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने शिशु के हितों को ध्यान में रखते हुए उसे मातृ छाया विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी, कोरबा में सुरक्षित संरक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए।यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनीता अग्रवाल के मार्गदर्शन और जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल के नेतृत्व में संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button