नहाते समय न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार: पामगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा, 10 हजार वसूलने के बाद भी दे रहा था धमकी


इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने का दिखा रहा था डर; बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में भेजा गया जेल
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती का चुपके से नहाते समय न्यूड फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और रकम ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता से 10 हजार रुपये वसूलने के बाद भी जब आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं, तब पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
चुपके से बनाया अश्लील वीडियो
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आरोपी रूपेश भारती ने पीड़िता के नहाते समय चुपके से उसके आपत्तिजनक न्यूड फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिए थे। इसके बाद आरोपी ने उक्त तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी। बदनामी के डर से पीड़िता सहम गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उससे 10,000 रुपये की जबरन मांग की।
रुपये लेने के बाद भी करता रहा प्रताड़ित
लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के भय से पीड़िता ने आरोपी रूपेश भारती को 10 हजार रुपये दे दिए। इसके बावजूद आरोपी की नीयत साफ नहीं हुई और वह पीड़िता को लगातार फोन पर परेशान करने लगा। आरोपी द्वारा और पैसों की मांग की जाने लगी तथा पैसे न देने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की खुली धमकी दी जाने लगी। आरोपी की लगातार बढ़ती प्रताड़ना से तंग आकर अंततः पीड़िता ने पामगढ़ थाने में आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा
महिला संबंधी गंभीर अपराध होने के कारण पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। पामगढ़ पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 451/2026 दर्ज करते हुए त्वरित घेराबंदी की और आरोपी रूपेश भारती को 24 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
बीएनएस की गंभीर धाराओं में जेल
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 77, 79 एवं 308(2) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से विद्वान न्यायाधीश के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक भुनेश्वर पटेल तथा सीताराम सूर्यवंशी की सराहनीय भूमिका रही।




