ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल बनारी का 11वाँ स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास से संपन्न

जांजगीर चाम्पा। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल में गुरुवार को विद्यालय का 11वाँ स्थापना दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में मनाया गया। संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़वाले एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने शिक्षा और संस्कृति का अद्भुत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एंकर प्राची पाठक के दिवस परिचय व अतिथियों के स्वागत से हुआ। इसके पश्चात माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर वंदना की गई। इस अवसर पर उप-प्राचार्या श्रीमती भिष्मिता साहू ने विद्यालय की 11 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्कूल का मूल उद्देश्य बच्चों में अनुशासन और नैतिक मूल्यों का संचार करना है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
समारोह में यूकेजी के नन्हे बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं कक्षा पाँचवीं की छात्राओं ने शानदार सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका श्रीमती लक्ष्मी राठौर ने मधुर गीत प्रस्तुत किया। शिक्षक योगेश देवांगन द्वारा विद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष डॉक्युमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे सभी ने सराहा।
छात्रों को दी उज्ज्वल भविष्य की प्रेरणा
प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह ने अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। श्रीमती रेणुका गढ़ेवाल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। उत्सव का विशेष आकर्षण बालवाटिका के बच्चों द्वारा किया गया केक कटिंग समारोह रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं को उपहार एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।




