अकलतरा में फोटोकॉपी दुकान का ताला तोड़कर नकदी-मोबाइल उड़ाने वाला शातिर नकबजन 48 घंटे में गिरफ्तार: पुलिस ने चाकू, सिक्के व हैंडसेट किया जब्त

सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदेही तक पहुंची पुलिस; आरोपी के घर से चोरी का मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर के अधियारीपाठ स्थित एक फोटोकॉपी दुकान में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी गया मोबाइल हैंडसेट, सिक्कों सहित नकदी रकम और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नकबजनी और चोरी की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दुकान का ताला तोड़कर पार किए थे नकदी व मोबाइल
अधियारीपाठ अकलतरा निवासी प्रार्थी भोलामणी चक्रधारी 7 नवंबर की रात अपनी फोटोकॉपी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो शटर और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अज्ञात चोर ने गल्ले में रखे लगभग 30 हजार रुपये नकद व सिक्के, एक रेडमी नोट 9 प्रो मोबाइल चुरा लिया था और पहचान छिपाने की नीयत से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से खुला शातिर का राज
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस को यादव मोहल्ला निवासी एक युवक पर पुख्ता संदेह हुआ। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर संदेही प्रभात उर्फ भोलू यादव (22 वर्ष) को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की।
घर के सामने की दुकान में पीछे से घुसा था चोर
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने घर के ठीक सामने स्थित फोटोकॉपी दुकान को निशाना बनाया था और पीछे के रास्ते से भीतर दाखिल हुआ था। उसने गल्ले से नकदी, सिक्कों से भरी थैली और मोबाइल पार किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी गया मोबाइल, 3,403 रुपये नकद व सिक्के और घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू जब्त कर लिया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया।



