जैजैपुर: विरोध की परवाह किए बिना कोटेतरा की तस्वीर बदल रहीं सरपंच सुनीता साहू, 18 माह में घर-घर पहुंचाया पानी और बिछाई सीसी सड़कों की सौगात

पेयजल संकट का स्थायी समाधान, नई सड़कों का निर्माण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत; क्षेत्र में हो रही सरपंच के कार्यों की सराहना
जैजैपुर। ग्राम पंचायत कोटेतरा में पिछले 18 माह के कार्यकाल के दौरान बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को नई गति मिली है। पंचायत की सरपंच श्रीमती सुनीता साहू द्वारा ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं को दूर करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्माण और जनहित के कार्य कराए गए हैं, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पेयजल संकट से मिली मुक्ति, घर-घर पहुंचा पानी
ग्रामीणों के अनुसार, सरपंच श्रीमती सुनीता साहू ने एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। गांव की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने छापर मोहल्ला और लिमतरा मोहल्ला में घर-घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य पूरा कराया है। इस पहल से दोनों मोहल्लों के निवासियों को भीषण गर्मी और रोजमर्रा की पानी की किल्लत से बड़ी राहत मिली है।
सीसी रोड और मिट्टी-मुरुम सड़कों से सुगम हुआ आवागमन
गांव में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए सरपंच ने सड़क निर्माण पर विशेष ध्यान दिया है। उनके प्रयासों से हाई स्कूल की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग तथा लक्ष्मी सागर के घर से आगे की ओर पक्की सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इसके अतिरिक्त, मदन के घर से आगे की ओर मिट्टी-मुरुम सड़क और छापर से मुख्य सड़क की ओर मिट्टी-मुरुम सड़क निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई है, जिससे जल्द ही ग्रामीणों को बारिश के दिनों में होने वाले कीचड़ और आवागमन की परेशानी से निजात मिलेगी।
तालाब गहरीकरण और स्ट्रीट लाइट से बदली गांव की रंगत
जल संरक्षण और ग्रामीणों की निस्तारी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरपंच द्वारा तालाब गहरीकरण का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है। वहीं, रात्रि के समय गांव की गलियों को सुरक्षित और रोशन रखने के लिए प्रमुख स्थानों व चौक-चौराहों पर स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था की गई है।
अवरोधों से विचलित हुए बिना विकास पर केंद्रित है ध्यान
गांव के प्रबुद्धजनों और ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में विरोधियों का काम केवल विरोध करना होता है, लेकिन एक सफल जनप्रतिनिधि वही है जो इन अवरोधों से विचलित हुए बिना केवल जनहित और विकास कार्यों पर अपना ध्यान केंद्रित रखे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि सरपंच श्रीमती सुनीता साहू द्वारा कराए जा रहे इन ठोस कार्यों से कोटेतरा की तस्वीर बदल रही है और सभी को पंचायत के विकास में सकारात्मक सहयोग देना चाहिए।



