Chhattisgarhकृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खोखरा व कुटरा उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण: टोकन वितरण, पेयजल व सीसीटीवी कैमरे सुचारू रखने के दिए निर्देश

समिति प्रबंधकों से एग्रीस्टैक पंजीयन और धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों की स्थिति की ली विस्तृत जानकारी

खरीदी प्रक्रिया में किसानों को न हो कोई असुविधा, जल निकासी और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए आदेश

जांजगीर-चांपा। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन रविवार 15 नवंबर को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खोखरा और कुटरा धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए समिति प्रबंधकों से एग्रीस्टैक पंजीयन, धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या तथा टोकन वितरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

मूलभूत सुविधाएं और सीसीटीवी निगरानी सुचारू रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने और धान की व्यवस्थित स्टैकिंग कराने को कहा। उन्होंने केंद्रों में पहुंचने वाले किसानों के लिए पेयजल, छाया और शेड सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही धान के सुरक्षित भंडारण तथा खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता और निगरानी बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों को हर समय सुचारू रूप से संचालित रखने को कहा।

पारदर्शी और सुचारू ढंग से खरीदी संपन्न कराएं अधिकारी

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी संबंधित अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप पंजीयक सहकारिता मंजू पांडेय, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button