चांपा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई रेलवे ओवरब्रिज के नीचे 6.874 किलो गांजा जब्त, दो विधि से संघर्षरत बालक पकड़े गए

जांजगीर चांपा। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चांपा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से 6.874 किलोग्राम गांजा के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत ₹3,43,700 आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन चांपा के ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध छिपने का प्रयास करने लगे, जिन्हें तत्परता से पकड़ लिया गया।
सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में समक्ष गवाहों की उपस्थिति में एनडीपीएस एक्ट के तहत तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 6.874 किलो गांजा तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस मामले में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 82/26 पंजीबद्ध कर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, आरक्षक गौरीशंकर राय सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




