युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का अभिनव प्रयास है भजन क्लबिंग : मुख्यमंत्री साय

माधवास रॉक बैंड के ‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुए शामिल, भक्तों संग खेली फूलों की होली
रायपुर | 28 फरवरी 2026 | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित माधवास रॉक बैंड के ‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भजन क्लबिंग युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का एक अभिनव और सकारात्मक प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और युवाओं के कंधों पर ही देश एवं प्रदेश का भविष्य टिका हुआ है। ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भक्ति भाव से सराबोर हुआ वातावरण
माधवास रॉक बैंड की संगीतमयी प्रस्तुति से पूरा वातावरण राधा-कृष्णमय हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने भक्तों के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक चेतना मंच द्वारा किया गया था।
युवाओं में बढ़ती आध्यात्मिक चेतना पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि ऐसे आयोजनों में बड़ी संख्या में युवा सहभागिता कर रहे हैं। अध्यात्म से जुड़ाव युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करता है।
किसानों के हित में सरकार के प्रयास
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और राज्य की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि से जुड़ी है। राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है। प्रदेश के 146 विकासखंडों में राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित हुए।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, अजय जामवाल, आलोक डंगस, सामाजिक चेतना मंच के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक, इस्कॉन रायपुर से स्वामी सुलोचन प्रभुजी, स्वामी तमाल कृष्ण प्रभुजी, स्वामी निखिलापति प्रभुजी, स्वामी रघुपति दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





