Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

डोंगाकोहरौद में पांच दिवसीय काली पूजा का समापन: करमा व बाना नृत्य के साथ निकली विसर्जन यात्रा

जीभ में बाना लेने उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़; जय मां काली के जयकारों से गूंजा समूचा गांव, रात 11 बजे बंधवा तालाब में हुआ प्रतिमा विसर्जन

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम डोंगाकोहरौद में पांच दिवसीय मां काली पूजा का समापन अत्यंत भक्तिमय, पारंपरिक और भव्य माहौल में हुआ। विसर्जन के अवसर पर गांव में आस्था का विहंगम दृश्य देखने को मिला, जहां ‘जय मां काली’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस दौरान जीभ में बाना लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही, जिसे देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही आसपास के अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।

8 से 12 नवंबर तक चला भक्ति और जसगीत का दौर

ग्राम के ठाकुर देव चौरा गोटिया पारा में प्रतिवर्ष दीपावली के अवसर पर पांच दिनों तक मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी 8 नवंबर को विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजन प्रारंभ किया गया था, जिसका समापन 12 नवंबर को भव्य विसर्जन के साथ हुआ। पांच दिनों तक प्रतिदिन यज्ञ आचार्य रामगोपाल पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई गई। वहीं, रात्रि में बाहर से आमंत्रित जसगीत एवं झांकी पार्टियों की प्रस्तुति ने भक्तों को पूरी रात बांधे रखा। आयोजन समिति की ओर से सुबह-शाम श्रद्धालुओं के लिए खीर-पूरी व मिष्ठान के विशेष भंडारे व प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।

महामाई स्थल से निकली भव्य शोभायात्रा, करमा और बाना नृत्य रहे आकर्षण का केंद्र

काली पूजन के अंतिम दिन 12 नवंबर को वैदिक हवन-पूजन के पश्चात शाम 4 बजे माता की प्रतिमा को ट्रैक्टर में विराजित कर गांव के प्रमुख देवी स्थल महामाई ले जाया गया, जहां से भव्य विसर्जन यात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में विशेष रूप से आमंत्रित खुटकुड़ा (कोरबा) की करमा नृत्य पार्टी, सारंगढ़ की स्वांग एवं बाना पार्टी तथा मटिया (बलौदाबाजार) की श्रृंगार निशान पार्टी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

रात 11 बजे बंधवा तालाब में नम आंखों से दी गई विदाई

भक्ति और उत्साह से सराबोर यह विसर्जन यात्रा गांव के गरगज चौक, मुख्य चौराहा, लीला मंडली चौक, तिवारी पीपर चौक और ठाकुर देव चौक होते हुए रात करीब 11 बजे बंधवा तालाब पहुंची। मार्ग भर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर माता के दर्शन किए। बंधवा तालाब में आचार्य रामगोपाल पांडेय और यजमान लक्ष्मी प्रसाद कश्यप सहित श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत आरती व पूजा-अर्चना के पश्चात माता की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों का रहा विशेष योगदान

इस पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति गोटिया पारा के सीताराम कौशिक, राजेंद्र कौशिक, लक्ष्मी प्रसाद कश्यप, लक्ष्मीनारायण कौशिक, लव कुमार कौशिक, संजय कश्यप, कृष्ण कुमार कश्यप, ननकी दाऊ पटेल, पंकज कौशिक, हरि कश्यप, धनेंद्र कश्यप सहित समस्त मोहल्लेवासियों और ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button