‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान: बोडसरा में कांग्रेस की जनचौपाल, ईवीएम पर उठाए सवाल

विधायक ब्यास कश्यप और जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने मतदाताओं से किया सीधा संवाद; बूथ स्तर पर मतदाता सूची सत्यापन और फॉर्म-6 भरवाने पर दिया जोर
जांजगीर-चांपा। लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है। इसी कड़ी में जांजगीर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ग्राम बोडसरा के श्रीराम मंदिर परिसर में जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कार्यक्रम प्रभारी प्रिंस शर्मा, जिला महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय प्रकाश तिवारी (बबला महराज) ने आम नागरिकों से सीधा संवाद कर कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
ईवीएम की विश्वसनीयता और एसआईआर प्रक्रिया पर जताई चिंता

जनचौपाल को संबोधित करते हुए विधायक ब्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं की आशंकाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जनता की चिंता बढ़ाई है। उन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा विधायकों-सांसदों की खरीद-फरोख्त जैसे मुद्दों को उठाते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। संवाद के दौरान 21 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई, जहां ग्रामीणों ने बैलेट पेपर के माध्यम से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग का समर्थन किया।
घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें कार्यकर्ता: राजेश अग्रवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बूथ स्तर पर कथित वोट चोरी और मतदाता सूची की गड़बड़ियों को उजागर करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि प्रत्येक बूथ की वास्तविक स्थिति जानने के लिए घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन करें। साथ ही, फॉर्म-6 के माध्यम से पात्र एवं छूटे हुए नागरिकों के नाम जुड़वाने के लिए लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
महंगाई व बेरोजगारी से ध्यान भटकाने का लगाया आरोप
जनसंवाद में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार की योजनाओं की तुलना करते हुए आम नागरिकों से सुझाव लिए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता की आर्थिक परेशानियों से ध्यान भटकाने के बजाय सरकार को लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा पर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम को महामंत्री प्रिंस शर्मा एवं विवेक सिंह सिसोदिया ने भी संबोधित किया। संचालन मंडल अध्यक्ष रामगोपाल राठौर ने किया तथा आभार प्रदर्शन वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेंद्र पांडे ने किया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी व ग्रामीण रहे उपस्थित
इस अवसर पर अनिल साहू, चन्द्रशेखर पाण्डेय, शशि यादव, कलिका प्रसाद, गजपति साहू, सुरजीत साहू, रफीक खान, जीतेन्द्र दिनकर, गणेश राम धीवर, प्रकाश यादव, शत्रुघ्न यादव, शांति कुमार साहू, ओमप्रकाश पटेल, संतुराम मेहर, सखादास, ईश्वर दास, रोशन दास, संतोष राठौर, नरेश साहू, राजकुमार बरेठ, नन्दलाल पटेल, आनंद कुमार मनु, प्रमेन्द्र साहू, महेंद्र साहू, हरिशंकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।





