Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह: जांजगीर में प्रेस वार्ता कर प्रदेश मंत्री विद्या सिदार ने दी कार्यक्रमों की जानकारी

जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान अविस्मरणीय; मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनजातीय गौरव को जन-जन तक पहुंचाएगी पार्टी

जांजगीर-चांपा। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर 2026 तक पूरे देश और प्रदेश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ एवं ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला भाजपा कार्यालय जांजगीर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार ने सप्ताह भर चलने वाले रचनात्मक कार्यक्रमों और केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

जल-जंगल-जमीन और अस्मिता के रक्षक थे भगवान बिरसा मुंडा

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन संघर्ष, अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ उलगुलान (विद्रोह) का बिगुल फूंकते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, जल-जंगल-जमीन और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका प्रेरक जीवन आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की शक्ति देता है।

मोदी सरकार ने जनजातीय गौरव को दी राष्ट्रीय पहचान

श्रीमती सिदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और स्वाभिमान को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित करना जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों और उनके बलिदान के प्रति देश की सच्ची श्रद्धांजलि है।

पीएम जनमन और धरती आबा अभियान से बदल रही तस्वीर

केंद्र सरकार की जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’, ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’, ‘एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय’ और ‘सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन’ जैसी ऐतिहासिक योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं, पक्का आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

18 नवंबर तक चलेंगे विविध जनजागरण कार्यक्रम

उन्होंने जानकारी दी कि 11 से 18 नवंबर तक चलने वाले जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और जनसंपर्क जैसे विविध रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से इस पावन पर्व को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने का आह्वान किया।

इस प्रेस वार्ता के दौरान जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लखन सिंह कंवर, दुल्हरिन चौरसिया, धरम सिदार एवं हितेश राज प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button