जांजगीर में ‘नारी सुरक्षा’ की नई शुरुआत: महिला थाना का शुभारंभ, IG ने कहा: अब शिकायत नहीं, समाधान मिलेगा

उद्घाटन के साथ परामर्शदाताओं का सम्मान, साइबर सुरक्षा और जनभागीदारी पर फोकस
जांजगीर-चांपा, 31 मार्च। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए महिला थाना जांजगीर का शुभारंभ किया गया। बिलासपुर रेंज के IG रामगोपाल गर्ग (IPS) ने उद्घाटन करते हुए स्पष्ट कहा कि यह थाना महिलाओं को त्वरित न्याय और सुरक्षित वातावरण देने का मजबूत माध्यम बनेगा।
‘संवाद और समाधान’ का केंद्र बनेगा महिला थाना
IG ने कहा कि महिला थाना सिर्फ शिकायत दर्ज करने की जगह नहीं, बल्कि संवाद, परामर्श और समाधान का केंद्र होगा, जहां पीड़ित महिलाओं को संवेदनशील वातावरण मिलेगा।

काउंसलरों का सम्मान, समाज में निभा रहे अहम भूमिका
परिवार परामर्श से जुड़े काउंसलरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। IG ने उनके कार्यों को पारिवारिक विवाद सुलझाने में “समाज की रीढ़” बताया।
महिला कमांडो टीम बनी ‘सशक्तिकरण की मिसाल’
जिले की महिला कमांडो टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए IG ने कहा कि यह टीम महिला सशक्तिकरण की सशक्त पहचान बन रही है।
प्रेस से सीधा संवाद, पारदर्शिता पर जोर
प्रेस प्रतिनिधियों से मुलाकात कर IG ने पुलिस की प्राथमिकताओं को साझा किया और जनसहयोग को कानून व्यवस्था का अहम आधार बताया।
साइबर अपराध पर सख्ती, जागरूकता ही बचाव
सायबर थाना निरीक्षण के दौरान IG ने स्पष्ट किया कि बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता और जनजागरूकता दोनों जरूरी हैं। “संचार साथी” एप के जरिए आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की गई।

अच्छे काम करने वालों को मिला सम्मान
समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को सम्मानित कर IG ने कहा कि ऐसे प्रयास ही समाज में बदलाव की असली ताकत हैं।
आदिवासी समाज के बदलाव को सराहा
गोड़ समाज द्वारा शराब छोड़ स्वरोजगार अपनाने की पहल को सराहते हुए IG ने इसे सामाजिक परिवर्तन की प्रेरक मिसाल बताया।

तकनीक पर नजर: ड्रोन सिस्टम का किया निरीक्षण
पुलिस के ड्रोन कैमरा सिस्टम को बारीकी से देखते हुए उसके बेहतर रख-रखाव और उपयोग के निर्देश दिए गए।

बड़ा संदेश
महिला थाना की शुरुआत, साइबर जागरूकता पर जोर और समाज से संवाद इन तीनों को जोड़कर पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अब सुरक्षा व्यवस्था ज्यादा संवेदनशील, तकनीकी और जवाबदेह होगी।





