Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-नैला व चांपा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव की मांग: विधायक ब्यास कश्यप ने SECR महाप्रबंधक को सौंपे 2 अलग-अलग पत्र

अमृत भारत स्टेशन निर्माण में ठेकेदार की लापरवाही पर जताई नाराजगी; नए FOB, सुरक्षा और ज्ञानेश्वरी-गोंडवाना एक्सप्रेस के स्टॉपेज की रखी मांग

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) जोन, बिलासपुर के महाप्रबंधक (GM) के जांजगीर-नैला एवं चांपा रेलवे स्टेशन निरीक्षण के दौरान जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने मुलाकात कर क्षेत्र की रेल समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने जिले के दोनों प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, निर्माण कार्यों में तेजी और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर महाप्रबंधक को दो अलग-अलग मांग पत्र सौंपे।

अमृत भारत योजना के कार्यों में लापरवाही पर जताई चिंता

विधायक ब्यास कश्यप ने अपने पहले पत्र में जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत चल रहे विकास कार्यों में ठेकेदार की घोर लापरवाही का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय का मुख्य स्टेशन होने के बावजूद यहां निर्माण सामग्री जगह-जगह बेतरतीब ढंग से बिखरी पड़ी है, जिससे रेल यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पश्चिमी केबिन की ओर नए FOB और रैंप की मांग

पत्र में उल्लेख किया गया कि जांजगीर-नैला स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2, 3 और 4 पर पश्चिमी केबिन की तरफ केवल एक ही फुट ओवरब्रिज (FOB) उपलब्ध है। इससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और मरीजों को एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने में काफी दिक्कत होती है। विधायक ने पश्चिमी केबिन की ओर तत्काल एक नया एफओबी और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक रैंप बनाने की मांग की। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर नियमित सफाई, शौचालय-मूत्रालय की व्यवस्था दुरुस्त करने और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और गश्त बढ़ाने पर जोर

स्टेशन परिसर में रात के समय असामाजिक तत्वों व बाहरी लोगों के जमावड़े पर चिंता जताते हुए विधायक ने रात में नियमित रेलवे पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि महिला यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही, उन्होंने पश्चिमी केबिन के पास बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की स्वीकृति देने और कन्हाईबंद अंडरब्रिज से स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण व कांक्रीटीकरण कार्य को जल्द पूरा करने की बात कही।

प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की रखी मांग

दूसरे मांग पत्र में विधायक कश्यप ने जिले के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को दोहराते हुए चांपा रेलवे स्टेशन पर ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, दरभंगा एक्सप्रेस और समरसता एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। वहीं, जांजगीर-नैला स्टेशन पर गोंडवाना एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग रखी।

विधायक ने कहा कि दोनों स्टेशन जिले के प्रमुख रेल केंद्र हैं। इन सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति मिलने से जिलेवासियों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button