क्राइमजाँजगीर -चाँपा

युवक की हत्या के मामले में फरार 2 आरोपी गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

₹2,000 की उधारी के विवाद में की थी बेरहमी से मारपीट, इलाज के दौरान हुई थी पीड़ित की मौत

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में उधारी के महज दो हजार रुपये को लेकर हुए खूनी विवाद और युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे दो आरोपी सगे भाइयों को पामगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

उधारी की रकम मांगने पर हुआ था विवाद

यह पूरा मामला 29 अगस्त 2026 की दोपहर का है, जब उधारी की रकम मांगने की बात पर आरोपियों ने रमेश टंडन और उनके पुत्र शिवा उर्फ भोलेशंकर टंडन के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। इस प्राणघातक हमले में शिवा के सिर, पीठ, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे नाजुक हालत में रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उपचार के दौरान तोड़ा दम, दर्ज हुआ हत्या का केस

अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझते हुए घायल शिवा ने 30 अगस्त को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस ने मामले में हत्या संबंधी धारा 103(1) बीएनएस जोड़ते हुए जांच का दायरा तेज कर दिया। प्रकरण के मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसके दो अन्य साथी घटना के बाद से फरार थे।

दो महीने बाद शिकंजे में आए फरार आरोपी

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी ओमीश कुर्रे उर्फ सोनू (21 वर्ष) और मन कुर्रे (19 वर्ष) दोनों निवासी पामगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button