अंकिता भंडारी को न्याय की मांग को लेकर जांजगीर में महिला कांग्रेस का कैंडल मार्च, केंद्र सरकार से की निष्पक्ष जांच की मांग

विधायक ब्यास कश्यप सहित वरिष्ठ कांग्रेसी रहे उपस्थित; राष्ट्रपति और केंद्र के नाम सौंपा संदेश
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जिला मुख्यालय जांजगीर में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुश्री मनोरमा पाटेकर के संयोजन में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान शहीद स्मारक से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय के लिए आवाज बुलंद की।
सीबीआई जांच पूरी होने तक संवैधानिक पद पर रोक की मांग
महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार और महामहिम राष्ट्रपति से मांग की कि जब तक इस संवेदनशील मामले में सीबीआई की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक सिक्किम के नवनियुक्त राज्यपाल की नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जाए। नेताओं ने कहा कि जब तक जांच से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष पुष्टि नहीं होती, तब तक उन्हें संवैधानिक पद पर बनाए रखने के फैसले को स्थगित करने के लिए आवश्यक संवैधानिक कदम उठाए जाने चाहिए।

कानून से ऊपर कोई नहीं, मिले पारदर्शी न्याय
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक ब्यास कश्यप और वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि देश की हर बेटी की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा प्रश्न है। जब किसी गंभीर मामले में प्रभावशाली व्यक्तियों की कथित भूमिका पर सवाल उठते हैं, तो जांच एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि वे बिना किसी राजनीतिक दबाव के सच सामने लाएं। पद या प्रभाव के आधार पर किसी को विशेष संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
सच्चाई सामने आने तक जारी रहेगा संघर्ष
महिला कांग्रेस ने संकल्प व्यक्त किया कि मामले की पारदर्शी, समयबद्ध और निष्पक्ष जांच तथा कथित वीआईपी की पहचान स्पष्ट होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान विधायक ब्यास कश्यप, रमेश पैगवार, विवेक सिंह सिसोदिया, रफीक सिद्दीकी, राइस किंग खूंटे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर, पार्षद प्रिंस शर्मा, रेखा सोनवान, रक्षा धीरज सिंह बैस, जगदीश्वरी सूर्यवंशी, अरमान खान, रजनी सूर्यवंशी, सत्यभामा टंडन, मुन्नी रात्रे, चंपा प्रधान, शशिकांता हंसेलिया, परमेश्वर निर्मले, नर्मदा सूर्यवंशी, युवा कांग्रेस नेता आकाश तिवारी, संस्कार राठौर, चंद्रप्रकाश ओग्रे भाकू, दुष्यंत यादव, अमन और सावन पाटेकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




