मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: चांपा से 277 श्रद्धालुओं का जत्था पुरी, कोणार्क और भुवनेश्वर के लिए रवाना

जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी व अपर कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी; भोजन, आवास और चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत जिले के 277 तीर्थयात्रियों के दल को चांपा रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा पुरी, कोणार्क और भुवनेश्वर की यात्रा के लिए रवाना किया गया। यह चार दिवसीय धार्मिक यात्रा 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसके तहत श्रद्धालुओं को शासन की ओर से पूरी तरह निःशुल्क तीर्थ दर्शन कराया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
चांपा रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर, जिला पंचायत सदस्य राज कुमार साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, इंजी. रवि पांडेय और अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। उपस्थित अतिथियों ने सभी तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनकी मंगलमय एवं सुखद यात्रा की कामना की।
बुजुर्गों और जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही योजना
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना राज्य के वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस योजना के माध्यम से बुजुर्ग श्रद्धालुओं को जीवन के इस पड़ाव में देश के प्रमुख धामों और पावन तीर्थस्थलों के सुगम दर्शन का अवसर प्राप्त हो रहा है।

दर्शन के साथ भोजन, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता प्रबंध
चार दिवसीय यात्रा के दौरान तीर्थयात्री जगन्नाथ पुरी में महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही वे कोणार्क स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर और राजधानी भुवनेश्वर के प्रमुख धार्मिक व पौराणिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। यात्रा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुद्ध भोजन, ठहरने के लिए उत्तम आवास, सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार
तीर्थ यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने भावुक होते हुए कहा कि कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते अपने खर्च पर पुरी जाकर जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन करना उनके लिए बेहद कठिन था। इस जनकल्याणकारी योजना के जरिए उनका वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है।



