Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

धान खरीदी में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : कलेक्टर

राजस्व व उपार्जन केन्द्र नोडल अधिकारियों की बैठक, भौतिक सत्यापन के सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों एवं उपार्जन केन्द्र स्तरीय नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर शेष धान खरीदी अवधि में कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीदी, स्टैकिंग तथा ऑनलाइन रिकॉर्ड का अद्यतन अनिवार्य रूप से किया जाए। नोडल अधिकारियों को प्रातः 9 बजे से शाम तक उपार्जन केन्द्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आवक प्रविष्टि, काउंटर पोजीशन में स्टैकिंग, भौतिक सत्यापन एवं मिलान कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी स्टैकों का पूर्ण रूप से भौतिक सत्यापन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में टोकन के अनुसार ही किसानों से धान लेने, निर्धारित मात्रा में खरीदी करने, टोकन सत्यापन, रकबा समर्पण, गेट पास, तौल एवं अन्य प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने को भी कहा गया।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button