
मुलमुला पुलिस अभिरक्षा से तड़के 3 से 6 बजे के बीच फरार हुआ आरोपी फणेन्द्र सिंह; भागे बंदी पर धारा 262 BNS के तहत नया केस दर्ज।
जांजगीर-चांपा। थाने की अभिरक्षा से शराब तस्कर के भागने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने त्वरित और सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। मुलजिम की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरतने पर ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र (लाइन हाजिर) जांजगीर संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
आबकारी एक्ट के तहत पकड़ा गया था आरोपी
मुलमुला थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम अमोरा निवासी 33 वर्षीय फणेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया था। आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने से पहले थाने की अभिरक्षा में रखा गया था। बंदी की निगरानी और सुरक्षा के लिए आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को तैनात किया गया था।
तड़के चकमा देकर पुलिस कस्टडी से हुआ फरार
22 अगस्त की सुबह करीब 3:00 से 6:00 बजे के बीच, जब सुरक्षा ड्यूटी में ढिलाई बरती गई, आरोपी फणेन्द्र सिंह पुलिस को चकमा देकर थाने से भाग निकला। सुबह बंदी के गायब होने की सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की प्राथमिक जांच में ऑन-ड्यूटी आरक्षक की सीधी लापरवाही सामने आने पर एसपी ने फौरन निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
फरार आरोपी की घेराबंदी में जुटी पुलिस
पुलिस अभिरक्षा से भागने पर आरोपी फणेन्द्र सिंह के खिलाफ धारा 262 BNS के तहत एक और आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। मुलमुला थाना पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहाँ लगातार दबिश दे रही हैं ताकि उसे जल्द से जल्द दोबारा गिरफ्तार किया जा सके।




