मुलमुला पुलिस की बड़ी कार्यवाही: बारात में मारपीट करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

ग्राम पौना में बाजा बजाने को लेकर हुआ था खूनी संघर्ष
जांजगीर-चाम्पा: जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पौना में बारात के दौरान हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस विवाद में कई बाराती घायल हुए थे, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
बाजा बजाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवराज बरेठ निवासी ग्राम खोखरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 अप्रैल 2026 को वे खोखरा से बारात लेकर ग्राम पौना आए थे। स्कूल पारा के पास जब बाराती नाच-गाना कर रहे थे, तभी गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और बाजा बंद करने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से बारातियों पर हमला कर दिया।
एक युवक की हालत गंभीर
इस हमले में बीच-बचाव करने आए मनेश्वर यादव और अन्य लोग भी चोटिल हुए। आरोपियों ने प्रार्थी देवराज के सिर पर प्राणघातक हमला किया, वहीं धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट आई है। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहाँ से धनंजय यादव की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया है।
त्वरित कार्यवाही और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया, जहाँ पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
नरेन्द्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24 वर्ष)
सरोज कश्यप (20 वर्ष)
विमल कश्यप (22 वर्ष)
संजय कश्यप (27 वर्ष)
(सभी निवासी ग्राम पौना, थाना मुलमुला)
इस त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी मणिकांत पाण्डेय, एएसआई प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलवीर सिंह राज, राजमणि द्विवेदी, आरक्षक मनभावन पटेल और भूपेंद्र कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



