
चंडीगढ़/जालंधर। पंजाब की सियासत में आए भूचाल के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर उतर आया है। पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के फैसले से नाराज कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदेश भर में उग्र प्रदर्शन किया। विशेष रूप से दिग्गज नेता राघव चड्ढा और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के खिलाफ कार्यकर्ताओं का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।
सांसदों के आवास और दफ्तरों को बनाया निशाना
जालंधर में ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के आवास की घेराबंदी की। प्रदर्शनकारियों ने उनके प्रति अपना रोष व्यक्त करते हुए उनके घर की दीवारों पर काले अक्षरों में ‘गद्दार’ लिख दिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी ने उन्हें सम्मान दिया और राज्यसभा भेजा, लेकिन उन्होंने संकट के समय पीठ दिखा दी।
वही स्थिति लुधियाना में भी देखने को मिली, जहाँ भाजपा का दामन थामने वाले सांसदों के दफ्तरों और दीवारों पर ‘पंजाब के गद्दार’ लिखकर नारेबाजी की गई।
दबाव में पाला बदलने का आरोप
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सांसदों के इस कदम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने विशेष रूप से राघव चड्ढा और संदीप पाठक का नाम लेते हुए कहा कि यह समझ से परे है कि इतने बड़े नेता किस दबाव में आकर लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ गए। उन्होंने साफ किया कि पार्टी इन सांसदों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी और इनकी सदस्यता रद्द करवाई जाएगी।
पुतला दहन और नारेबाजी
इधर, डॉ. अशोक मित्तल के भाजपा में शामिल होने के विरोध में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के बाहर भी भारी संख्या में आप कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शनकारियों ने मित्तल का पुतला फूंका और इसे पंजाब के जनादेश के साथ धोखा करार दिया।




