भजिया–पताल चटनी के साथ टिफिन मीटिंग: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को परोसा भोजन

मन की बात’ के बाद आयोजन; साझा भोजन से दिखी संगठन की आत्मीयता और एकजुटता

रायपुर, 26 अप्रैल 2026। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के उपरांत आयोजित भाजपा की टिफिन मीटिंग में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने साथ लाए टिफिन से भजिया और पताल की चटनी कार्यकर्ताओं को स्वयं परोसी और उनके साथ बैठकर भोजन किया।
साझा भोजन से बढ़ी आत्मीयता
कार्यक्रम में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों से टिफिन लाकर एक-दूसरे के साथ भोजन साझा किया। आयोजन में आत्मीयता और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
पारंपरिक व्यंजनों से सजी टिफिन बैठक
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप फरा, विधायक पुरंदर मिश्रा धुसका-बड़ा, अखिलेश सोनी ठेठरी, अशोक बजाज चौसेला और मोना सेन खुरमी जैसे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन लेकर पहुंचे। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी विभिन्न स्थानीय व्यंजनों से आयोजन को समृद्ध बनाया।

मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि परिवार की तरह एक साथ बैठकर भोजन करने से आपसी संवाद और भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन मतभेदों को दूर कर संगठन को और सशक्त बनाते हैं।
टिफिन बैठक की परंपरा
यह परंपरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य संगठन में आत्मीयता और सहभागिता को बढ़ावा देना है। छत्तीसगढ़ में इसे बूथ स्तर तक ले जाने की योजना है, ताकि संगठन की जड़ों को और मजबूत किया जा सके।





