चांपा की खुशबू देवांगन ने रचा इतिहास: 12वीं बोर्ड में 96.40% अंक के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में बनाई जगह

जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ बोर्ड (CGBSE) द्वारा आज जारी 10वीं-12वीं के परीक्षा परिणामों में जांजगीर-चांपा जिले का नाम एक बार फिर रोशन हुआ है। चांपा नगर की होनहार छात्रा खुशबू देवांगन ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 96.40% अंक हासिल कर प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया है।
सरस्वती शिशु मंदिर में हुई प्रारंभिक शिक्षा
महेंद्र देवांगन की सुपुत्री खुशबू शुरू से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी मजबूत शैक्षणिक नींव सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा से तैयार की। खुशबू की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। सरस्वती शिशु मंदिर के उपाध्यक्ष नंद कुमार देवांगन ने भी उनके घर पहुंचकर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
माता-पिता और शिक्षकों को दिया श्रेय
खुशबू ने अपनी इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के संघर्ष, मामा के सहयोग और स्कूल के शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को दिया है। उनके पिता महेंद्र देवांगन ने बेटी की कामयाबी पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि खुशबू की मेहनत ने आज पूरे समाज को गौरवान्वित किया है।
इस सफलता ने साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।




