गर्मी की छुट्टियों से पहले ‘ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल’ के बच्चों ने की मस्ती; पूल पार्टी और रेन डांस का उठाया लुत्फ

जांजगीर-चांपा । जांजगीर के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। गर्मी की छुट्टियों की घोषणा के साथ ही स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों के लिए आनंदम रिसोर्ट, अमरताल में एक भव्य ‘पूल पार्टी’ और विशेष खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।
बस से पहुंचे रिसोर्ट, ‘ट्रेजर हंट’ में दिखाया दम
स्कूल संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल और प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में आयोजित इस पिकनिक में कक्षा तीसरी से बारहवीं तक के लगभग 100 विद्यार्थी शामिल हुए। रिसोर्ट पहुँचते ही बच्चों के लिए ट्रेजर हंट (खजाना खोजो) प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस खेल में रेड हाउस के विद्यार्थियों ने अपनी बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए जीत हासिल की।

संगीत की धुन पर रेन डांस और पूल मस्ती
खेल के बाद बच्चे पूल की लहरों के बीच मस्ती करते नजर आए। संगीत की मधुर धुन के साथ बच्चों ने रेन डांस का भरपूर आनंद लिया। इस दौरान स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों की सुरक्षा और देख-रेख का विशेष ध्यान रखा। मस्ती के बाद बच्चों को ताजे फलों का चाट और जूस परोसा गया।
छुट्टियों की घोषणा के साथ घर हुए रवाना
दिनभर की मौज-मस्ती के बाद सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित स्कूल प्रांगण लाया गया। इसके बाद गर्मी की छुट्टियों की आधिकारिक घोषणा की गई और बच्चों को उनके घर तक पहुँचाया गया। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में उत्साह बढ़ता है और वे पढ़ाई के दबाव से मुक्त होकर नई ऊर्जा महसूस करते हैं।
इस सफल आयोजन में स्कूल के एडमिन स्टाफ, ग्रुप डी स्टाफ और सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




