Chhattisgarhछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

धनतेरस और दिवाली पर जांजगीर पुलिस हाई अलर्ट: बाजारों और सराफा दुकानों में फिक्स प्वाइंट तैनात, उठाईगिरों पर नजर

एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर चाक-चौबंद सुरक्षा; कंट्रोल रूम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, डायल 112 भी मुस्तैद

🔴 जांजगीर-चांपा। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और पुख्ता कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। आगामी 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों, सराफा बाजारों और कपड़ा दुकानों में होने वाली भारी भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।

संवेदनशील इलाकों और चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट तैनात

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सुरक्षा का कड़ा खाका तैयार किया गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सराफा बाजारों, मुख्य व्यवसायिक मार्गों और संवेदनशील इलाकों में फिक्स प्वाइंट बनाकर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रख रही हैं।

उठाईगीरी, चोरी और जेबकटमारी रोकने मुस्तैद रहेंगे जवान

त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीददारों की भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय होने वाले उठाईगिरों, चोरों और जेबकतरों पर नकेल कसने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पर्व के दौरान बाजारों और मुख्य मार्गों में आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार को शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण में मनाएं। खरीदारी के दौरान अपने निजी सामान, नकदी, मोबाइल व वाहनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु अथवा संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तत्काल नजदीकी थाने, डायल 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर के मोबाइल नंबर 9479193199 पर सूचना दें।

Related Articles

Back to top button