क्राइमजाँजगीर -चाँपा

13.40 लाख के गांजा तस्करी मामले में बड़ा खुलासा: ओडिशा से सप्लायर नारायण राणा गिरफ्तार, बिर्रा पुलिस की ‘एंड-टू-एंड’ कार्रवाई

अगस्त में पकड़े गए थे चार तस्कर; स्रोत की तलाश में ओडिशा पहुंची जांजगीर पुलिस, एनडीपीएस एक्ट में भेजा जेल

🔴 जांजगीर-चांपा। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जांजगीर पुलिस को अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। 13.40 लाख रुपये मूल्य के गांजा तस्करी मामले की ‘एंड-टू-एंड’ विवेचना करते हुए थाना बिर्रा पुलिस ने ओडिशा के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी नारायण राणा पिता लक्ष्मण राणा (27 वर्ष) ग्राम तिलाईमाल, थाना कंटामाल, हाल मुकाम कुलुताजोर, थाना घंटापड़ा, जिला बौद्ध (ओडिशा) का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

महानदी किनारे पकड़ी गई थी 26.8 किलो गांजे की खेप

उल्लेखनीय है कि 1 अगस्त 2026 को बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार और मोटरसाइकिल के जरिए ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर चांपा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में बिर्रा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस दल ने ग्राम बसंतपुर में महानदी किनारे घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा था। उस कार्रवाई में पुलिस ने 26.8 किलोग्राम गांजा (बाजार मूल्य लगभग 13.40 लाख रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए थे।

कड़ियों को जोड़ते हुए ओडिशा तक पहुंची जांच टीम

गिरफ्तार तस्करों से सघन पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद इस अवैध नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के रूप में नारायण राणा का नाम सामने आया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिर्रा पुलिस ने मामले की बैकवर्ड लिंकेज (एंड-टू-एंड) जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीम ओडिशा के जिला बौद्ध रवाना हुई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को उसके ठिकाने से धर दबोचा और जांजगीर लेकर आई।

आरोपी के खिलाफ थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026, धारा 20(बी) और 29 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की गईं, जिसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।

अवैध गांजे के अंतरराज्यीय स्रोत तक पहुंचकर मुख्य आपूर्तिकर्ता को सलाखों के पीछे पहुंचाने में थाना बिर्रा प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, पुलिस सहायता केंद्र करही प्रभारी एवं दोनों थानों के पुलिस अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button