Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

मड़वा पावर प्लांट के वरिष्ठ पर्यवेक्षक शशांक शर्मा सेवानिवृत्त: पावर कंपनी परिवार ने जताया आभार, सुखद भविष्य की दीं शुभकामनाएं

प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक लकरा ने सौंपा सेवा प्रमाण-पत्र; अनुभव साझा कर भावुक हुए सेवानिवृत्त कर्मी

🔴 जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र (एबीवीटीपीएस) मड़वा से अक्टूबर माह में वरिष्ठ पर्यवेक्षक शशांक शर्मा सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सम्मान में तकनीकी भवन सभाकक्ष में दीर्घ सेवा सम्मान समारोह का आयोजन कर पावर कंपनी परिवार की ओर से उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई।

41 साल से अधिक का रहा उत्कृष्ट सेवाकाल

शशांक शर्मा ने विद्युत मंडल एवं पावर कंपनी में 41 वर्ष, 1 माह और 27 दिन की लंबी और निष्ठावान सेवाएं दी हैं। उनकी प्रथम नियुक्ति भंडार सहायक के पद पर कोरबा ताप विद्युत संयंत्र (कोरबा पूर्व) में हुई थी। इसके बाद उन्होंने विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। समारोह के दौरान उन्होंने अपने चार दशक से अधिक लंबे सेवाकाल के संस्मरण और कार्य अनुभवों को सहकर्मियों के साथ साझा किया।

कर्तव्यनिष्ठा की सराहना, स्मृतिचिह्न व सेवा प्रमाण-पत्र भेंट

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक लकरा ने शशांक शर्मा की कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली की सराहना करते हुए पावर कंपनी की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने एवं विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एन. लकरा ने सेवानिवृत्त कर्मचारी को स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में प्रभारी मुख्य अभियंता ने उन्हें स्मृतिचिह्न और सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह टेकाम ने किया, जिसमें उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारी का संक्षिप्त जीवन परिचय प्रस्तुत किया। दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एन. लकरा, वरिष्ठ कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह टेकाम सहित बड़ी संख्या में संयंत्र के अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मी के परिजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button