Chhattisgarhnational

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में किया ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण

16 एकड़ में रोपे गए पीपल सहित 3 हजार से अधिक पौधे; भावी पीढ़ियों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए करेगा प्रेरित

🔴 रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। लोकार्पण के पश्चात केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा रोपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को चिरस्थायी बनाने और नई पीढ़ी तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से इस विशाल पार्क का निर्माण किया गया है।

16 एकड़ में लहलहाएंगे 2500 से अधिक पीपल के वृक्ष

नवा रायपुर को पर्यावरण अनुकूल और ‘पीपल सिटी’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह एक बड़ी पहल है। लगभग 16 एकड़ के विस्तृत क्षेत्र में फैले इस संकल्प पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल के पेड़ लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय प्रजातियों के भी 500 से अधिक पौधे रोपे गए हैं। यह पार्क आने वाले समय में क्षेत्र को समृद्ध हरियाली देने के साथ-साथ भावी पीढ़ियों को आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।

‘People for Peepal’ अभियान से पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी

नवा रायपुर को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को पौधों की देखरेख और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ना है। इसी सोच के तहत विकसित भारत संकल्प पार्क को जनभागीदारी और पर्यावरण चेतना के मुख्य केंद्र के रूप में ढाला गया है। इस पहल के माध्यम से पीपल के पेड़ के प्रति जनमानस की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था को सीधे प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ा जा रहा है।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button