Chhattisgarh

दीपावली से पहले आज छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव में महिलाओं को सौगात, 67.40 लाख खातों में आएंगे 632 करोड़ रुपये; अमित शाह जारी करेंगे महतारी वंदन की 33वीं किस्त

ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं 67.33 लाख महिलाओं को मिलेगी 33वीं किस्त, नियद नेल्ला नार क्षेत्र की 6,908 महिलाओं के खातों में आएगी 13वीं किस्त

🔴 आज की बात | रायपुर। दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आज बड़ी सौगात मिलने जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत नवंबर माह की 33वीं किस्त का अंतरण 3 नवंबर 2026 को राज्योत्सव समारोह के दौरान किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।

अमित शाह करेंगे राशि का अंतरण

राज्योत्सव समारोह में भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य मंच से महतारी वंदन योजना की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में भेजी जाएगी। दीपावली से ठीक पहले राशि मिलने से लाभार्थी महिलाओं को घरेलू जरूरतों और त्योहार की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी।

इन महिलाओं को मिलेगी किस्त की राशि

इस चरण में ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा चुकीं प्रदेश की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को योजना की 33वीं किस्त का लाभ मिलेगा। वहीं, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं के खातों में 13वीं किस्त की राशि अंतरित की जाएगी। इस तरह कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं को इस चरण में लाभ मिलेगा।

32 किस्तों में अब तक 20,717 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू की गई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से जारी की गई थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20 हजार 717.87 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।

33वीं किस्त के अंतरण के बाद योजना के तहत दी गई कुल सहायता बढ़कर 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी। योजना के माध्यम से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।

आधिकारिक पोर्टल और ऐप से मिलेगी जानकारी

हितग्राही महिलाएं भुगतान की स्थिति और योजना से जुड़ी अन्य जानकारी महतारी वंदन योजना के आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।

Related Articles

Back to top button