‘लोकतंत्र भारत की आत्मा, युवा उसकी ताकत’: जांजगीर में बोले वित्त मंत्री ओपी चौधरी; भीड़तंत्र और अराजकता के खिलाफ युवाओं ने भरी हुंकार

टीसीएल कॉलेज में भाजयुमो का भव्य युवा संवाद व छात्र प्रतिस्पर्धा; मोदी सरकार की योजनाओं से जुड़कर विकसित भारत बनाने का आह्वान
🔴 जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल (टीसीएल) शासकीय महाविद्यालय, जांजगीर में विधानसभा स्तरीय ‘युवा संवाद एवं छात्र प्रतिस्पर्धा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस संवाद का मुख्य विषय “#लोकतंत्र_बचाओ_भीड़तंत्र_भगाओ और #लोकतंत्र_बचाओ_अराजकता_हटाओ” रहा, जहां वक्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर खुलकर बात की।
लोकतंत्र की रक्षा युवाओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी: ओपी चौधरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र भारत की आत्मा है और देश का युवा ही उसकी असली ताकत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज देश में कुछ ताकतें भीड़तंत्र और अराजकता फैलाकर संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं, ऐसे तत्वों से लोकतंत्र की रक्षा करना युवाओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
मोदी सरकार ने युवाओं को लाभार्थी नहीं, राष्ट्र का भागीदार बनाया
संवाद सत्र के दौरान अतिथियों ने भाजपा की संगठनात्मक संरचना तथा एस.आई.आर. (सदस्यता, सक्रियता और राष्ट्रवाद) के मूल सिद्धांतों को साझा किया। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं— स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मुद्रा योजना, अग्निवीर योजना, खेलो इंडिया और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को इन अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। मंच से वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने के बजाय उन्हें राष्ट्र निर्माण का सक्रिय भागीदार बनाया है और बिना युवाओं की सहभागिता के ‘विकसित भारत’ का संकल्प पूरा नहीं हो सकता।
वरिष्ठ नेताओं और छात्र समुदाय की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन व आयोजन भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश सिंह और उनकी टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला महामंत्री नंदनी रजवाड़े, अमर सुल्तानिया, प्रशांत सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्या लता मिरी, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल, रवि पाण्डेय, पुष्पेंद्र सिंह, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा, राकेश रूपवानी, अनिल शर्मा, पुष्पेंद्र निर्मलकर, अभिषेक पाण्डेय, ललित कश्यप, सोनू यादव, मनोबल जाहिरे, विवेक शर्मा, प्रमोद कश्यप, हितेश यादव, प्राचार्य दुजेराम लहरे सहित महाविद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



