क्राइमजाँजगीर -चाँपा

चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: युवक पर एसिड से हमला करने वाली आरोपी महिला और तेजाब विक्रेता दुकानदार गिरफ्तार

धारा 124(2) और 287 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज; सदर बाजार के 70 वर्षीय दुकानदार से नहीं मिले वैध दस्तावेज

🔴 जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में एक युवक पर एसिड फेंककर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही बिना किसी वैध दस्तावेज और नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से एसिड बेचने वाले 70 वर्षीय दुकानदार को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

प्रेम संबंध में विवाद के बाद फेंका था एसिड

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी युवक ने 28 अक्टूबर 2026 को थाना चांपा में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी महिला के साथ उसके प्रेम संबंध थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर महिला ने तैश में आकर युवक पर एसिड फेंक दिया। इस हमले में युवक के दाहिने हाथ, भुजा और कलाई गंभीर रूप से झुलस गए। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 585/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 124(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

शौचालय सफाई के नाम पर खरीदा था तेजाब

पुलिस विवेचना के दौरान आरोपी महिला ने खुलासा किया कि उसने चांपा के सदर बाजार स्थित एक दुकान से शौचालय साफ करने के बहाने एसिड खरीदा था। पुलिस टीम ने तत्काल सदर बाजार स्थित दुकान पर दबिश दी और संचालक मोहम्मद हुसैन बोहरा (उम्र 70 वर्ष, निवासी सदर बाजार चांपा) से तेजाब भंडारण और बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। दुकानदार द्वारा बिक्री एवं स्टॉक से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287 के तहत मामला दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

ज्वलनशील पदार्थों की अवैध बिक्री पर पुलिस की सख्त चेतावनी

जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के सभी व्यापारियों और दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी है कि एसिड व अन्य ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री निर्धारित कानूनी नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत ही की जाए। बिना वैध अनुमति, बिना रिकॉर्ड संधारण और संदिग्ध व्यक्तियों को एसिड बेचना गैरकानूनी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश जट, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button