स्कूटी चोरी के मामले में नैला पुलिस की त्वरित कार्रवाई: बिलासपुर का शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा बरामद कर भेजा गया जेल

घर के बाहर खड़ी दोपहिया वाहन पार करने वाला आरोपी ग्राहक तलाशते पकड़ाया; पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में मिली सफलता
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने और संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नैला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घर के बाहर से स्कूटी चोरी करने वाले बिलासपुर निवासी आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली गई है तथा वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रात में घर के सामने खड़ी की थी गाड़ी, सुबह मिली गायब
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नैला वार्ड क्रमांक 03 निवासी प्रार्थिया जमुना बाई चंदेलिया ने चौकी नैला में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त की रात करीब 8:00 बजे उनके पुत्र अनिल चंदेलिया ने अपनी एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 11 BN 6099) घर के सामने पार्क की थी। रात में खाना खाकर परिवार के सोने के बाद, अगली सुबह जब वे उठे तो वाहन अपने स्थान पर नहीं था। अज्ञात चोरों द्वारा सूनेपन का फायदा उठाकर वाहन पार कर दिया गया था। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना शुरू की।
ग्राहक तलाशते पकड़ा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे के लिए विशेष टीम को सक्रिय किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी की एक्टिवा बेचने की फिराक में घूम रहा है और औने-पौने दाम में ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही नैला पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम नवल वर्मा (उम्र 28 वर्ष), पिता लीला राम वर्मा, निवासी चांटीडीह वार्ड नंबर 43, माई मंदिर के पास, थाना सरकंडा (जिला बिलासपुर) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने नैला से स्कूटी चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।
चोरी की स्कूटी बरामद, न्यायालय में पेश कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 11 BN 6099) को विधिवत जब्त कर लिया है। अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी नवल वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से विद्वान न्यायाधीश के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया है।




