जांजगीर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बीडीजी ऑनलाइन सट्टा ऐप का अंतरराज्यीय मास्टरमाइंड महाराष्ट्र से गिरफ्तार

पूर्व में 6 आरोपी जा चुके हैं जेल; टेलीग्राम चैनल बनाकर जिले में फैलाया था जाल, बैंक खाते कराए गए फ्रीज
🔴 जांजगीर-चांपा। ‘BDG’ (बिग डैडी गेम) ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए अवैध नेटवर्क संचालित करने वाले अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश करते हुए जांजगीर साइबर पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों में जमा रकम को फ्रीज करा दिया है। मामले में पूर्व में 6 स्थानीय आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पारंपरिक जुए के स्थान पर मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और यूएसडीटी (क्रिप्टो डिजिटल करेंसी) के जरिए बड़े पैमाने पर वित्तीय लेनदेन किया जा रहा था।
स्थानीय एजेंट से कड़ियां जोड़ते हुए पुणे तक पहुंची पुलिस
साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड जांजगीर निवासी हेमलाल यादव मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। दबिश देकर पकड़े जाने पर हेमलाल ने ‘बिग डैडी गेम’ (BDG) नेटवर्क का खुलासा करते हुए बताया कि उसे मास्टर आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने मुहैया कराई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शैलेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शैलेंद्र ने स्वीकार किया कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य लोगों तक मास्टर आईडी और लिंक पहुंचाता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूर्व में चार अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया था।
एमएलएम तर्ज पर कमीशन का खेल, बनाया था ‘ईगल BDG गेम’ चैनल
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि पूरा रैकेट नेटवर्क मार्केटिंग (MLM) की तर्ज पर काम कर रहा था। नीचे जुड़े व्यक्ति द्वारा सट्टा लगाने पर ऊपर के एडमिन को कमीशन मिलता था। शैलेंद्र शर्मा ने खुलासा किया कि महाराष्ट्र के पुणे निवासी किरण महादु साल्वे ने टेलीग्राम पर ‘ईगल BDG गेम’ नाम से चैनल बनाया था और उसी ने शैलेंद्र को जांजगीर जिले का प्रमुख (एडमिन) नियुक्त किया था। जिले के यूजर्स द्वारा ऐप में डाली जाने वाली रकम का सीधा कमीशन पहले शैलेंद्र और फिर मुख्य सूत्रधार किरण साल्वे तक पहुंचता था।
पुणे से दबोचा गया मुख्य सूत्रधार, बीएनएस व जुआ एक्ट में कार्रवाई
टेलीग्राम, व्हाट्सएप चैट और बैंक लेनदेन के पुख्ता डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर पुलिस टीम ने पुणे के थाना दौड़ अंतर्गत दत्ता नगर में दबिश देकर मुख्य आरोपी किरण महादु साल्वे (पिता अलमता साल्वे) को गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाकर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 07 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की आम जनता से सतर्क रहने की अपील
जिला पुलिस जांजगीर-चांपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा, जुआ या ऐप आधारित वित्तीय प्रलोभन के झांसे में न आएं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साइबर फ्रॉड और अवैध वित्तीय गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।



