निरीक्षक पारस पटेल की उत्कृष्ट विवेचना एवं पुख्ता साक्ष्य संकलन लाई रंग, कीटनाशक मिली शराब पिलाकर दो लोगों की हत्या करने वाले आरोपी को दो बार आजीवन कारावास

19 गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराध प्रमाणित; भठली दोहरे हत्याकांड में प्रभावी विवेचना से आरोपी को मिली कठोर सजा
🔴 आज की बात | जांजगीर-चांपा। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भठली में कीटनाशक मिली शराब पिलाकर दो लोगों की हत्या के मामले में आरोपी को न्यायालय ने दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस प्रकरण में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल की सूक्ष्म विवेचना और पुख्ता साक्ष्य संकलन अहम साबित हुआ। अभियोजन द्वारा प्रस्तुत 19 गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का अपराध संदेह से परे प्रमाणित हुआ।
शराब में कीटनाशक मिलाकर दिया था दो लोगों को
घटना 6 मार्च 2025 की है। शराब बिक्री को लेकर सुंदरलाल कुर्रे से विवाद के चलते आरोपी ने देशी शराब की शीशी में कीटनाशक मिला दिया और उसे सुंदरलाल के घर पहुंचाया। सुंदरलाल ने शराब पीने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने वहां मौजूद सीताराम लहरे और रोहित कुमार तेंदुलकर को वही शराब दे दी। कीटनाशक मिली शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मामला दोहरे हत्याकांड के रूप में सामने आया।
निरीक्षक पारस पटेल की विवेचना में जुटे अहम साक्ष्य
मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल ने की। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए सूक्ष्मता से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। विवेचना के दौरान कीटनाशक का डिब्बा, एफएसएल रिपोर्ट सहित अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए गए। इसके आधार पर आरोपी के विरुद्ध अभियोग पत्र तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में 19 गवाहों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध संदेह से परे प्रमाणित हुआ और न्यायालय ने उसे दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
प्रभावी विवेचना से मिली कठोर सजा
इस दोहरे हत्याकांड में निरीक्षक पारस पटेल की प्रभावी विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन और मजबूत अभियोजन प्रक्रिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले में मिली सजा को गंभीर अपराधों की जांच में साक्ष्य आधारित विवेचना के महत्व के रूप में देखा जा रहा है।




