पामगढ़ में महिला से बदसलूकी करने वाले आरोपी पर पुलिस का कड़ा शिकंजा: चंद घंटों में दबोचा गया आरोपी, भेजा गया सलाखों के पीछे

निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम की तत्परता; मुड़पार निवासी आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 486/2026 दर्ज
🔴 जांजगीर-चांपा। जिले के थाना पामगढ़ क्षेत्र अंतर्गत महिला के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पामगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर घेराबंदी कर धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
घर से बाहर निकलते ही आरोपी ने की थी बदसलूकी
घटना के विवरण के अनुसार 4 नवंबर 2026 को पीड़िता जब अपने घर से बाहर निकली थी, तभी आरोपी ने बेइज्जती करने की नीयत से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने पीड़िता के साथ सरेराह अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ की, विरोध करने पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 486/2026 पंजीबद्ध करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76, 78, 296, 351(3) एवं 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
घेराबंदी कर मुड़पार से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि रत्नाकर निवासी मुड़पार (छोटे) थाना पामगढ़ को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी के खिलाफ साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
महिला अपराध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों में सलाखों के पीछे पहुंचाने में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक विनोद मनहर, सीताराम सूर्यवंशी एवं भुनेश्वर पटेल का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।



