IPL मैच पर सट्टा लगाते युवक को चांपा पुलिस ने पकड़ा

मोबाइल और नगद रकम जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर चांपा। आईपीएल मैच में हार-जीत पर सट्टा लगाने वाले एक युवक को चांपा police ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 2000 रुपये नगद जब्त किए हैं। थाना चांपा पुलिस को सूचना मिली थी कि चांपा क्षेत्र में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर एक युवक सट्टा चला रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम बेलदार पारा चांपा पहुंची। वहां रोड किनारे बैठे युवक की पहचान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से की गई।
मोबाइल में मिला सट्टा एप
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मितेश देवांगन (24 वर्ष) निवासी बेलदार पारा चांपा बताया। पुलिस ने मौके पर उसका मोबाइल चेक किया, जिसमें सट्टा संचालित करने वाली एप्लीकेशन मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगा रहा था।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 268/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा और जुए के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, श्याम राठौर एवं थाना चांपा स्टाफ की अहम भूमिका रही।




